बिझड़ी (हमीरपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में अव्यवस्थाओं का माहौल है। मंदिर में 14 मार्च से चैत्र माह मेले शुरू होने वाले है, लेकिन अभी तक आयोजन की तैयारियां अधूरी हैं। मंदिर में गेट नंबर दो से लंगर भवन तक जाने वाली मुख्य सड़क खस्ताहाल बनी हुई है। गेट के साथ में बैरियर नंबर दो में भी पार्किंग स्थल नहीं बना पाया है। इससे मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
दियोटसिद्ध में मेले शुरू होते ही मंदिर में बाबा की भक्तों की संख्या में भी काफी बढ़ोतरी होती है और ट्रैफिक भी बढ़ जाता है। प्रत्येक वर्ष मंदिर ट्रस्ट के साथ-साथ बड़सर प्रशासन भी मंदिर जाने वाली सड़कों पर पैचवर्क का कार्य करवाता रहा है, लेकिन इस बार कोई मरम्मत कार्य नहीं हो सका। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए बनने वाले लंगर के लिए सामग्री भी सड़क मार्ग से होकर गुजरते हैं।
लोगों रमेश कुमार, प्रकाश, रमेश चंद, प्रदीप राणा, महेश ठाकुर, सरोज कुुमार, राधिका शर्मा आदि ने कहा कि कई बार मंदिर न्यास को समस्या के बारे में अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अभी तक समाधान नहीं निकल पाया है। हर वर्ष मंदिर में करोड़ों रुपये का चढ़ावा आता है। फिर भी बाबा के भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर न्यास की ओर से कोई खास कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष एवं एसडीएम बड़सर डॉ. रोहित शर्मा ने कहा कि मामला ध्यान में है। क्रैश बैरियर का काम चला हुआ है। मेले शुरू होने तक पूरा कर दिया जाएगा जहां तक सड़क की बात है तो मेले शुरू होने से पहले पैचवर्क कार्य करवा दिया जाएगा।