हमीरपुर। पुलिस थाना नादौन के तहत पड़ते धनेटा कस्बे में निजी बस ऑपरेटरों और अन्य अज्ञात लोगों नेे बरोटीवाला से हमीरपुर आ रही निगम की बस के चालक को पीट डाला। निगम की बस का टायर पंचर होने के कारण बस धनेटा में निर्धारित समय से 45 मिनट देरी से पहुंची। इतने में धनेटा बस स्टॉप पर कुछ अज्ञात लोगों और निजी बस के चालक-परिचालक ने इस चालक को धुन दिया। चालक ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता मुकेश कुमार निवासी गांव कैहडरू डाकघर भिड़ा तहसील और जिला हमीरपुर एचआरटीसी हमीरपुर डिपो में चालक है। 25 अगस्त को सुबह वह निगम की बस को बरोटीवाला से हमीरपुर रूट पर लेकर वापस आ रहा था। रास्ते में इसकी बस का टायर पंचर हो गया था। जिस कारण बस धनेटा में 45 मिनट देरी से पहुंची। जैसे ही वह बस लेकर धनेटा बस स्टॉप पहुंचा तो कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने बस को रोककर मारपीट की और वर्दी फाड़ दी तथा एक निजी बस के चालक व परिचालक ने भी झगड़ा किया और सड़क के बिल्कुल बीच में बस को चलाते रहे। उन्होंने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दीं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने कहा कि मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।
बॉक्स-
चालक यूनियन ने मारपीट का किया विरोध
एचआरटीसी चालक यूनियन ने चालक के साथ हुई मारपीट की निंदा की है। यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष ने इस मारपीट में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि निगम के चालक बारिश, ठंड, गर्मी व हर विकट परिस्थिति में यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाते हैं। ऐसे में यदि उनके साथ मारपीट होगी तो चालक कैसे काम करेंगे। उन्होंने पुलिस व निगम प्रबंधन से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।