हमीरपुर। सदर थाना के तहत खैंडा में अज्ञात चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर नकदी, सोने के आभूषण और सीसीटीवी की डीवीआर चोरी कर ली। मामले में कमलेश कुमारी निवासी खैंडा ने शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायतकर्ता और उसके पति सेवानिवृत्त कर्मी हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह 12 मई को शाम करीब 3:30 बजे अपने परिवार सहित पालमपुर गई थीं। यहां पर भी उनका मकान है। 14 मई को शाम करीब 5:30 बजे जब परिवार के साथ वापस घर पहुंचीं तो देखा कि घर के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी।
वहीं, घर के अंदर बेडरूम में रखी अलमारी और अन्य सामान खुला पड़ा था और पूरा सामान बिखरा था। शिकायतकर्ता के अनुसार अज्ञात व्यक्ति घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। इसके अलावा कमरे में रखे 50 हजार रुपये, एक अन्य पाउच में रखे 1000 रुपये, सोने की अंगूठी और कानों के कांटे चोरी कर लिए गए।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोट
खैंडा में एक घर में चोरी की शिकायत प्राप्त हुई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले में जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
-बलवीर सिंह, एसपी हमीरपुर