सीएमओ कार्यालय में मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता।
गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण का डाटा समय पर पंजीकृत करने के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता की अध्यक्षता में सीएमओ कार्यालय के काॅन्फ्रेंस हॉल में वीरवार को जिलास्तरीय मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजय अत्री और डॉ. राकेश ठाकुर व सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, लेखाकार, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर उपस्थित रहे। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण और बच्चे के टीकाकरण का डाटा सही व समय पर एक्सल शीट पर पंजीकृत करें।
जो बच्चे टीकाकरण से छूटे गए हैं उनका समय पर टीकाकरण करवाएं और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की सही समय पर पहचान व जांच करें। जरूरत पड़ने पर उन्हें आगे रेफर करें। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के दौरान हर माह की नौ तारीख को गर्भवती महिला की सही तरीके से जांच होनी चाहिए और इसकी रिपोर्टिंग भी समय पर की जानी चाहिए। खंड चिकित्सा अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि परिवार नियोजन के लिए परामर्श सेवा को बढ़ावा दिया जाए जिससे लोगों को परिवार नियोजन के उपायों के बारे में जानकारी मिले। उन्होंने कहा कि उपलब्ध स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों की जांच और आकलन करें।