निर्माण कार्य पर नौ करोड़ का बजट होगा खर्च, शीघ्र शुरू होगा कार्य
निर्माण कार्य होने से दो दर्जन गांवों के लोगों को घर तक गाड़ी ले जाने की मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र बड़सर के अंतर्गत ब्लॉक बिझड़ी से बल्ह बिहाल से गरड़ी वाया संघिया ट्याला संपर्क सड़क का निर्माण होगा। इस पर नौ करोड़ का बजट खर्च होगा। सड़क निर्माण होने से दो दर्जन गांवों के लोगों को घर द्वार तक गाड़ी ले जाने में सुविधा मिलेगी।
वर्तमान में सड़क सुविधा न होने के कारण ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक पहुंचने में आठ किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। ऐसे में सड़क निर्माण होने से ग्रामीणों को आवाजाही में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। लोक निर्माण विभाग के पास सड़क निर्माण कार्य के लिए नौ करोड़ की राशि एक माह पूर्व पहुंच गई है। निर्माण कार्य का प्रस्ताव तैयार होते ही सड़क का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। निकासी नालियां व पुलियों का भी निर्माण होगा। इससे बरसात के दौरान सड़क पर पानी जमा होने की समस्या से भी निजात मिलेगी।
इस बारे में लोक निर्माण विभाग बड़सर के अधिशासी अभियंता राजेंद्र सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य के लिए नौ करोड़ की बजट राशि स्वीकृत हो चुकी है। निर्माण कार्य को लेकर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। प्रस्ताव तैयार होते ही निर्माण कार्य के लिए टेंडर आवंटित कर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।