हमीरपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में एमएससी भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान के लिए विद्यार्थी नौ से 20 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. युद्धवीर सिंह पटियाल ने बताया कि हमीरपुर महाविद्यालय को इसी शैक्षणिक सत्र से एमएससी फिजिक्स और केमिस्ट्री की कक्षाएं प्रारंभ करने की अधिसूचना विश्वविद्यालय ने जारी की है। उन्होंने बताया कि एमएससी फिजिक्स और केमिस्ट्री दोनों ही सकायों में 30-30 सीटों की मंजूरी मिली है।
जिन छात्रों ने प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित प्रवेश परीक्षाओं में भाग लिया है और जिन छात्रों ने प्रवेश परीक्षा में भाग नहीं लिया है, वे भी आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया में इन संकायों की प्रवेश परीक्षाओं में भाग लेने वाले छात्रों को वरीयता दी जाएगी।
यदि सीटें खाली रहती हैं तो इन संकायों की बीएससी मेरिट के आधार पर प्रवेश परीक्षाओं में भाग न लेने वाले छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। डॉ. पटियाल ने बताया कि 22 अक्तूबर को प्रथम मेरिट सूची महाविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी और 23 अक्तूबर को काउंसलिंग की प्रक्रिया होगी। इच्छुक छात्र महाविद्यालय हमीरपुर की वेबसाइट पर जाकर इन एमएससी कोर्सों के लिए आवेदन कर सकते हैं।