ऑनलाइन आवेदनों में त्रुटियां पाए जाने पर यह आवेदन ऑनलाइन ही वापस विद्यालय को भेजे जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि जिला हमीरपुर के सभी निजी पाठशालाओं के सत्र 2024-25 के लिए मान्यता के नवीनीकरण और 2024-29 के लिए मान्यता के लिए आवेदन ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। कोई भी ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को 29 फरवरी से बढ़ाकर अब 15 मार्च कर दिया गया है। उपनिदेशक ने बताया कि मान्यता के नवीनीकरण के लिए वेबसाइट एमर्जिंगहिमाचल.एचपी.जीओवी.इन पर लॉग इन करना होगा। इसके बाद इनवेस्टर लॉग इन पर क्लिक करना होगा। प्री प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक वाले विद्यालयों को संबंधित बीईईओ को अपने आवेदन निर्धारित शुल्क के साथ ऑनलाइन प्रेषित करने होंगे। जबकि, प्राइमरी से आठवीं और छठी से आठवीं तक की कक्षाओं वाले विद्यालयों को प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक को निर्धारित शुल्क सहित ऑनलाइन आवेदन प्रेषित करने होंगे। ऑनलाइन आवेदनों में त्रुटियां पाए जाने पर यह आवेदन ऑनलाइन ही वापस विद्यालय को भेज दिए जाएंगे। त्रुटियों के निवारण के उपरांत इन्हें पुन: प्रेषित किया जा सकता है।
सही आवेदनों को ऑनलाइन ही मान्यता पत्र और मान्यता नवीनीकरण पत्र जारी किए जाएंगे। उपनिदेशक ने बताया कि सत्र 2024-25 में केवल वही विद्यालय विद्यार्थियों को दाखिला दे पाएंगे जिनके पास विभाग की ओर से मान्यता संबंधी प्रमाण पत्र होंगे। मान्यता पत्र व मान्यता नवीनीकरण पत्र के बिना संचालित होने वाले विद्यालयों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पहली से पांचवीं तक की नई मान्यता के लिए 5000 रुपये, पहली से आठवीं कक्षा तक नई मान्यता के लिए दस हजार रुपये, छठी से आठवीं कक्षा तक नई मान्यता के लिए 5000 रुपये और पहली से आठवीं तक मान्यता के नवीनीकरण के लिए प्रतिवर्ष 500 रुपये की दर से शुल्क अदा करना होगा।