बाजार में जगह-जगह कचरे के लग रहे ढेर, बीमारियां फैलने का खतरा
कूड़ा फेंकने के लिए बनाई गई जगह को हाईकोर्ट से किया गया है प्रतिबंधित
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के प्रमुख कस्बा मैहरे बाजार में पिछले डेढ़ माह से सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। इससे महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है। पिछले डेढ़ माह से समस्या का कोई भी स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में दुकानदारों के साथ-साथ बाजार में सामान की खरीदारी करने आने वाले लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक माह पूर्व बाजार में कूड़े की समस्या के निपटारे के लिए व्यापार मंडल मैहरे की ओर से कूड़ा उठाने के लिए सफाई कर्मचारियों को रखा गया था। यह सफाई कमी पूरे बाजार और इक्का दुक्का कॉलोनी से कूड़ा एकत्रित करते थे। इसके लिये प्रति घर और प्रति दुकान से हर माह पैसे लिए जाते थे, ताकि कर्मचारियों का मेहनताना दिया जा सके, लेकिन हाईकोर्ट के आदेश के बाद बड़सर पंचायत में जिस जगह कूूड़ा फेंका जाता था, उसे प्रतिबंधित कर दिया गया। यह कहा गया कि अगर अब यहां कूड़ा फेंका गया तो पंचायत पर जुर्माना लगाया जाएगा। ऐसे में बड़सर पंचायत वहां कूड़ा फेंकने पर रोक लगा देती है और व्यापार मंडल की गाड़ी जिसमें कूड़ा लाया जाता था, उसे भी कूड़ा फेंकने से मना करती है। हालांकि 2021-22 में यहां कूड़े के निपटारे के लिए दिशा-निर्देश दिए गए थे, लेकिन समय बीतने के साथ ही ये दिशा निर्देश भी धूमिल होते गए और सभी तरह का कचरा एक साथ ही इस जगह डाला जाने लगा। इस बारे में बड़सर पंचायत प्रधान राजेश कुमारी ने कहा कि बड़सर पंचायत के अधिकार में जो क्षेत्र आता है, वहां के सारे कूड़े का निपटारा अब पंचायत स्वयं अपने स्तर पर करेगी। वहीं, इसके लिए जब्बल खैरियां में एक जगह भी चिह्नित कर ली गई है और वहां के एक स्थानीय व्यक्ति ने इस काम के लिए जगह भी मुहैया करवा दी है। अब वहां मूलभूत ढांचा बनाकर जल्द ही गीले कचरे का निपटारा किया जाएगा।