झगडिय़ानी स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करती छात्राएं
हमीरपुर। स्वर्ण जयंती राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झगड़ियाणी में सोमवार को खंड स्तरीय बाल खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज हुआ। पहले दिन कबड्डी और बैडमिंटन के मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता का मुख्यातिथि कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने शुभारंभ किया। मुख्यातिथि के स्कूल पहुंचने पर विद्यालय प्रशासन, जिला स्तरीय खेल प्रशासन, स्कूल प्रबंधन समिति और अन्य लोगों ने स्वागत किया।
सरस्वती वंदना के बाद मुख्यअतिथि ने ज्योति दीप प्रज्वलित कर खेलों की शुरुआत की। प्रधानाचार्य प्रताप सिंह रणौत और एडीपीओ राकेश कुमार ने मुख्यअतिथि को शॉल, टोपी पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों ने मार्च पास करके मुख्याथि को सलामी दी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इस खंड स्तरीय अंडर-19 बाल खेलकूद प्रतियोगिता में 21 सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों के 341 खिलाड़ी छात्र भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबाल और बैडमिंटन के मुकाबले होंगे।
पहले दिन हुई बैडमिंटन प्रतियोगिता में सुपर मेगनेट ने गुरुकुल पक्का भरो, हिम अकेडमी ने हमीरपुर पब्लिक स्कूल और गुरूकुल बडू़ ने ऑलमाइटी को हराया। कबड्डी में सिल्वर बेल्स ने न्यू गुरुकुल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरोह ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाल्टी, गुरुकुल बड़ू ने हिम अकेडमी हीरानगर और द मेगनेट ने एम्म पब्लिक स्कूल को हराया।