जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की एक पंचायत में बीपीएल परिवारों के चयन में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। कुछ ग्रामीणों ने इसकी शिकायत बीडीओ से लिखित में की है।
ग्रामीणों ने पंचायत के पदाधिकारियों पर बीपीएल के चयन में पात्र परिवारों को आईआरडीपी में न लेने की बजाय अमीर लोगों के चयन का आरोप लगाया है। ग्रामीण अमरनाथ, पिंकी, रेखा देवी, वीना देवी, शकुंतला, अजय कुमार, चुन्नीलाल, विक्की कुमार ने बताया कि खंड विकास अधिकारी भोरंज को आईआरडीपी के चयन में हुुई गड़बड़ी के बारे में अवगत करवाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं है।
आईआरडीपी चयनित परिवारों की सूची लोगों ने पंचायत से ली तो इसमें तीन ऐसे परिवार पाए गए जिनका सूची में नाम नहीं है। हालांकि वे सोसाइटी से आईआरडीपी कोटे से राशन ले रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि पंचायत ने बीपीएल की सूची बनने के बाद छेड़खानी की। जो परिवार आईआरडीपी के योग्य थे उनको दरकिनार किया है। लोगों का कहना है कि आईआरडीपी परिवारों का चयन करने से पहले पंचायत प्रधान से गांव का सर्वे करने की बात कही थी परंतु पंचायत के प्रधान और पदाधिकारियों ने इस बात को नहीं माना।
बिना सर्वे ही चहेतों को बीपीएल परिवार में शामिल कर लिया। इसको लेकर जब बीडीओ को शिकायत दी तो उन्होंने आश्वासन दिया था कि अगर गड़बड़ी हुई है तो पंचायत में सर्वे करवा दिया जाएगा। उसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने मांग की कि इसकी शीघ्र जांच करवाई जाए नहीं तो मजबून कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा। बीडीओ भोरंज मनोज कुमार ने बताया कि पंचायत में आईआरडीपी के परिवारों के चयन को लेकर शिकायत आई है। जांच के आदेश दे दिए गए हैं। शीघ्र ही जांच को पूरा कर लिया जाएगा।