बड़सर (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत क्षेत्र की लड़कियों को अश्लील मैसेज कर उनकी फोटो का गलत प्रयोग करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। व्यक्ति आदतन ऐसा अपराधी है और उस पर पूर्व में भी अलग-अलग जगह 23 ऐसे मुकदमे चल रहे हैं।
आरोपी की पहचान अजय कुमार निवासी सिद्धवाड़ी धर्मशाला के रूप में हुई है। उसने बड़सर क्षेत्र की कई लड़कियों को अश्लील मैसेज किए हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें लगाकर अभद्र भाषा का प्रयोग करके उन्हें प्रताड़ित और बदनाम किया है। इसकी शिकायत पीड़ित युवती ने बड़सर पुलिस थाना में करवाई। पुलिस ने अजय कुमार की लोकेशन को ट्रेस करते हुए उसे गिरफ्तार किया। डीएसपी बड़सर शेर सिंह ने बताया कि उक्त व्यक्ति इरादतन अपराधी है और बड़सर पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपी पर पूर्व में भी इसी तरह के 23 मुकदमे विभिन्न जगहों पर दर्ज हैं।