जॉनी चौधरी हमीरपुर में पहलवानों के साथ।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। पूर्व अंतरराष्ट्रीय पहलवान और कुश्ती के कोच जॉनी चौधरी के मार्गदर्शन में जिला हमीरपुर में पहलवानों की नई पौध तैयार की जा रही है। डिग्री कॉलेज हमीरपुर में चलाई जा रही कुश्ती अकादमी में जॉनी चौधरी नन्हें और युवा पहलवानों को कुश्ती के दाव पेंच सिखा रहे हैं।
शुक्रवार को जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार कपिल और जिला कुश्ती संघ के महासचिव राम लाल संधू ने इस अकादमी का दौरा किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे नन्हें और युवा पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। सुनील कुमार कपिल और राम लाल संधू ने कुश्ती अकादमी के संचालन में सहयोग के लिए कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. पवन वर्मा का धन्यवाद भी किया।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जॉनी चौधरी की मेहनत के नि:संदेह अच्छे परिणाम सामने आएंगे और इस अकादमी से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान निकलेंगे। जॉनी चौधरी वर्तमान में हिमाचल प्रदेश राज्य कर एवं आबकारी विभाग हमीरपुर में राज्य कर अधिकारी के पद पर सेवारत हैं। वह खाली समय में बच्चों को कुश्ती खेल की बारीकियां सिखा रहे हैं।