सुजानपुर (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय सुजानपुर में शनिवार को छात्र संगठनों के बीच आपसी नोंक झोंक के चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे संगठन को नीचा दिखाने के लिए महाविद्यालय में लगाए गए पोस्टर फाड़ दिया। सुजानपुर महाविद्यालय में सभी संगठनों के छात्र-छात्राएं बैज लगाकर अपनी अपनी पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। प्रचार के इस दौरान में रोजाना हल्की नोंकझोंक छात्र संगठनों में देखने को मिल रही है।
शनिवार को भी हल्की नोंक झोंक छात्र संगठनों के बीच हुई। कॉलेजों में बैज लगाना, किसी भी पार्टी संबंधित पोस्टर लगाना आदि प्रतिबंधित है लेकिन, सुजानपुर महाविद्यालय में सभी नियम दरकिनार कर छात्र राजनीति कर रहे हैं। इस संबंध में राजकीय महाविद्यालय सुजानपुर के कार्यकारी प्रधानाचार्य शशि कुमार ने कहा कि कॉलेज परिसर में बैज नहीं लगाने संबंधी अभी तक कोई निर्देश नहीं दिया है। शीघ्र ही पीटीए की बैठक करके इस पर सख्त नियम बनाकर सभी छात्र संगठनों को सूचित कर दिया जाएगा।