सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगा वार्षिक परीक्षा का आयोजन
उच्चत्तर और प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशकों ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिलाभर के 135 परीक्षा केंद्रों में मंगलवार को दसवीं और बारहवीं कक्षा के 8465 विद्यार्थी हिंदी और अर्थशास्त्र की वार्षिक परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। सोमवार को परीक्षाओं के सफल आयोजन के लिए उच्चत्तर और प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशकों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और केंद्रों में विद्यार्थियों की सुविधा को लेकर प्रमुखों को दिशा-निर्देश दिए।
जिला में परीक्षाओं के लिए प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की ओर से 135 परीक्षा केंद बनाए गए हैं। इनमें निजी और सरकारी स्कूल शामिल हैं। 17 निजी स्कूलों के केंद्रों में सरकारी स्कूलों से केंद्र अधीक्षक और उप अधीक्षकों को तैनात किया गया है। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आयोजित होगी। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को 8:30 बजे परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्रों में व्यवस्था और सफल आयोजन को लेकर जिला स्तर तीन निरीक्षण कमेटियां स्कूलों का निरीक्षण करेंगी। जिसमें प्रारंभिक और उच्चत्तर उपनिदेशक कमेटी और एसडीएम की कमेटी शामिल रहेगी।
कोट
जिलाभर के 135 परीक्षा केंद्रों में दसवीं कक्षा के विद्यार्थी हिंदी और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थी अर्थशास्त्र की परीक्षा देंगे। परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर स्कूल प्रमुखों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। डॉ.एमआर चौहान, उपनिदेशक, उच्चत्तर शिक्षा विभाग हमीरपुर