पांच किमी सड़क के विस्तारीकरण के लिए 10.27 करोड़ का बजट मंजूर, आवाजाही होगी सुगम
पीडब्ल्यूडी ने ठेकेदार को दो चरणों में अवार्ड किए साढ़े आठ करोड़ रुपये के दो टेंडर
पंकज राणा
रंगस (हमीरपुर)। नादौन उपमंडल के रंगस से नेरी सड़क का विस्तारीकरण कार्य शुरू हो गया है। पांच किलोमीटर सड़क के विस्तारीकरण कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को 10.27 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। बजट राशि से विभाग ने ठेकेदार को साढ़े आठ करोड़ रुपये के दो टेंडर आवंटित कर एक वर्ष की समय के अवधि के भीतर कार्य को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सड़क के विस्तारीकरण से क्षेत्रवासियों के अलावा दूरदराज के क्षेत्रों से इतिहास शोध संस्थान नेरी एवं औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी जाने वाले सभी लोगों के लिए यह सड़क जहां काफी सुविधाजनक होगी।
विस्तारीकरण कार्य से संस्थान की दूरी भी पांच से छह किलोमीटर कम हो जाएगी। वर्तमान में दोनों संस्थानों को जाने के लिए पक्की संपर्क सड़क की सुविधा है। सड़क का निर्माण कार्य वर्षों पूर्व हुआ है, लेकिन अधिकांश समय बाहरी जगहों से आने वाले वाहन चालकों आवाजाही में काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।
ऐसे में अब सड़क का विस्तार होने से वाहन चालकों को सड़क सुविधा का काफी लाभ मिलेगा। विस्तारीकरण के दौरान सड़क को दोनों ओर से पांच-पांच मीटर चौड़ा किया जाएगा। प्रथम चरण में सड़क के दोनों ओर से साइड कटिंग करने का कार्य चला हुआ है। कटिंग के बाद सड़क के साथ डंगे और पुलियों आदि का निर्माण होगा। इसके उपरांत टारिंग और अन्य कार्य किए जाएंगे।
कोट
रंगस से नेरी सड़क का विस्तारीकरण कार्य ठेकेदार ने शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण नाबार्ड के माध्यम से करवाया जाएगा। इसके लिए 10 करोड़, दस लाख 27 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है, लेकिन अभी फिलहाल साढ़े आठ करोड़ रुपये के दो टेंडर एक ही ठेकेदार को अवार्ड किए गए हैं।
पंकज कौशल, सहायक अभियंता, लोकनिर्माण विभाग नादौन
रंगस से नेरी सड़क विस्तारीकरण कार्य के चलते सड़क की कटाई में लगी जेबीसी। संवाद