हमीरपुर में बढ़े हड्डी रोग के मरीज
क्षेत्रीय अस्पताल में 250 के पार पहुंची ओपीडी
सर्वाइकल, जोड़ों के दर्द के सबसे ज्यादा रोगी
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। जिला हमीरपुर में हड्डी रोगों के मरीजों की तादाद में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में हड्डी रोगियों की ओपीडी में भी वृद्धि हुई है। सर्दियों के मौसम में अधिक लोग हड्डी रोग की शिकायत लेकर क्षेत्रीय अस्पताल पहुंच रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल में वर्तमान में हड्डी रोगियों की ओपीडी ढाई सौ के पार हो गई है। इससे पूर्व अस्पताल में हड्डी रोगियों की ओपीडी डेढ़ सौ तक रहती थी। अस्पताल में सर्वाइकल, जोड़ों के दर्द, बैक पेन और डिस्क प्रॉब्लम के अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। इसके अलावा हड्डियों से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं।
वीरवार को भी हडड्ी रोग ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ रही। दिनभर करीब 280 मरीजों ने हड्डी रोगों की जांच करवाई। वहीं, हड्डी रोगी ज्यादा होने के कारण एक्स-रे कक्ष के बाहर भी लोगों की भीड़ रही। एक्स-रे कक्ष के बाहर भीड़ होने के कारण मरीज निजी लैब में एक्स-रे करवाने को मजबूर हो रहे हैं। सर्दियों में ज्यादातर लोगों को हड्डी रोगों से संबंधित शिकायत हो रही है। इसका शिकार ज्यादातर अधेड़, बूढ़े और महिलाएं हो रही हैं। चिकित्सकों ने हड्डी रोगों से बचने के लिए रोजना व्यायाम करने, सैर करने, धूप सेंकने और खान पान का ध्यान रखने की सलाह दी है। इस संबंध में हड्डी रोग विशेषज्ञ और सीएमओ क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर डॉ. रमेश चौहान का कहना है कि अस्पताल में हड्डी रोगियों की संख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सुबह नौ से शाम पांच बजे तक ओपीडी के बाहर भीड़ लग रही है। रोजाना ओपीडी में ढाई सौ से ज्यादा मरीजों की जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों को व्यायाम और सैर करने की सलाह दी है।