नादौन। उपमंडल नादौन मेें ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ने नादौन के रहने वाले एक व्यक्ति के बैंक खाते से करीब दो लाख रुपये साफ कर दिए हैं। पीड़ित रमेश कुमार गलोडा पुत्र किशोरी लाल गलोडा ने इस बारे में नादौन थाने में शिकायत दी है।
रमेश कुमार ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैंक खाते से 1,99,877 रुपये उड़ा लिए हैं। जिसका पता उन्हें उस समय चला जब वे बैंक में अपनी कॉपी अपडेट करवाने पहुंचे। बैंक पास बुक कॉपी में 1.99 लाख रुपये की निकासी देख कर वह दंग रह गए। उन्होंने बताया कि उनका सेविंग खाता एसबीआई नादौन की शाखा में है।
उन्होंने इस बारे में पुलिस थाना नादौन में शिकायत दर्ज करवा दी है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपी का पता लगाकर पैसों की भरपाई करवाने की गुहार लगाई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ नीरज राणा ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता की शिकायत पर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।