वनरक्षक भर्ती के दौरान बड़ू के मैदान में सौ मीटर दौड़ लगातीं युवतियां।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू के मैदान में चल रही वन रक्षक भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा बुधवार को संपन्न हो गई। वन रक्षक के 37 पदों को भरने के लिए 18163 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। जिनमें से 9171 ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग लिया। इनमें से 1858 ही मैदान की बाधा को पार कर सके।
अंतिम दिन बुधवार को 925 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 482 अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में अपना पसीना बहाया। इनमें से 149 ही शारीरिक दक्षता की परीक्षा उत्तीर्ण कर पाए। 149 में 129 लड़के और 20 लड़कियां शामिल हैं। वन वृत्त हमीरपुर के अंतर्गत वन रक्षक भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में 1680 पुरुष और 178 महिला उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए हैं।
मुख्य वन अरण्यपाल प्रदीप ठाकुर ने कहा कि वन रक्षक के पदों के लिए कुल 18,163 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 9171 उम्मीदवारों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग लिया। इनमें 7603 पुरुष और 1568 महिला अभ्यर्थी शामिल थे। उन्होंने कहा कि शारीरिक दक्षता परीक्षा में उत्तीर्ण हुए 1858 उम्मीदवारों की लिखित परीक्षा सात नवंबर को होगी। वहीं, वन विभाग की डीएफओ डॉ. एलसी वंदना ने कहा कि बुधवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा संपन्न हो गई है। इस परीक्षा में अंतिम दिन 149 अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की। जिसमें 129 लड़के व 20 लड़कियां शामिल हैं। 333 अभ्यर्थियों से शारीरिक दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण नहीं हो पाई। जबकि, 443 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए पहुंचे ही नहीं।