नादौन में पकड़ी गई अवैध शराब के साथ आरोपी व विभागीय टीम।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। आबकारी एवं कराधान विभाग और नादौन पुलिस ने स्थानीय कस्बे में एक वाहन से अवैध शराब की 170 पेटियां बरामद की हैं। इस शराब की कीमत करीब दस लाख रुपये बताई जा रही है। सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी कराधान नूतन महाजन तथा सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी डेविड की अगुवाई में विभाग की टीम तथा पुलिस टीम ने कांगड़ा से हमीरपुर की ओर आ रही पिकअप को नादौन त्रिमूर्ति मार्केट के निकट जांच के लिए रोका।
जब वाहन में बैठे चालक व अन्य व्यक्ति को दस्तावेज दिखाने को कहा गया तो उनके पास जिला हमीरपुर में शराब लाने के उचित दस्तावेज नहीं थे। जिसके चलते आरोपियों को वाहन सहित पुलिस थाना नादौन में ले जाया गया। जहां वाहन से 140 पेटी अंग्रेजी शराब (पूरी बोतल) तथा 30 पेटी क्वार्टर और अधिया अंग्रेजी शराब बरामद हुई। सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी कराधान नूतन महाजन ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज करके आगे छानबीन की जा रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा ने कहा कि पुलिस ने खेप बरामद कर दो लोगों को हिरासत में लिया है। मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।