भोरंज(हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहन्वी की एनएसएस इकाई के कार्यक्रम अधिकारी नरदेव सिंह राणा को राष्ट्रीय सेवा योजना के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन्हें समाज सेवा व शिक्षा जगत में किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 21 दिसंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर के एनएसएस पारितोषिक वितरण समारोह में राष्ट्रपति व युवा खेल मंत्रालय के सौजन्य खेल मंत्री राजपवर्धन सिंह राठौर ने प्रदान किया। पुरस्कार के रूप में एनएसएस यूनिट को एक लाख रुपये, स्मृति चिन्ह और नरदेव सिंह को सत्तर हजार रुपये, मेडल, स्मृति चिन्ह व प्रमाणप्रत्र दिया गया। यूनिट का इनाम प्रधानाचार्य सुनील कुमार को प्रदान किया गया।
नरदेव सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न एनएसएस इकाइयों के स्वयंसेवियों ने पर्यावरण को बचाने के लिए बहुत से पौधे रोपित किए हैं। वहीं गरीबी के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई बाधित न हो इसके लिए पिछले कुछ वर्षों से उन्होंने मुफ्त शिक्षा के लिए निर्धन परिवारों के 40 छात्र-छात्राओं को भी गोद लिया है। वहीं इसके अलावा विभिन्न सामाजिक कार्यों में उनके योगदान के लिए उन्हें यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मान मिला है। पिछले वर्ष समाज सेवा के कार्यों के लिए उन्हें राज्य स्तरीय श्रेष्ठ पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। इस मौके पर ग्राम पंचायत ज्योली देवी के प्रधान जसवंत, उपप्रधान अमर सिंह, रिखी राम, बलदेव सिंह, रींटू, ज्ञान सिंह, सतीश, अवतार सिंह, पृथ्वी, रामेश, बबली, राजेश, सौरभ राणा सहित अन्य पंचायत वासियों ने बाबा सिद्ध चानों मंदिर के पास नरदेव सिंह का स्वागत किया।