डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर में सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा देते विद्यार्थी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा में रविवार को प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा छठी व कक्षा नवमी में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। जिला हमीरपुर में इस परीक्षा के लिए तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिसमें सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा, डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर व हमीरपुर पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। तीनों परीक्षा केंद्रों में जिला हमीरपुर के 1350 बच्चों को बुलाया गया था, जिसमें से 1194 विद्यार्थियों ने यह प्रवेश परीक्षा दी। सुबह के सत्र में कक्षा छठी में प्रवेश के लिए परीक्षा का आयोजन किया गया। वहीं, शाम के सत्र में कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए परीक्षा का आयोजन किया गया।
वहीं, बारिश होने के बावजूद बच्चों में परीक्षा के लिए उत्साह दिखाई दिया। बच्चों को परीक्षा से एक घंटा पूर्व आने के आदेश थे। सभी स्कूलों में विद्यार्थियों को परीक्षा में बैठाने से पूर्व हैंड सैनिटाइजेशन करवाई गई। परीक्षा के जिला समन्वयक डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य विश्वास शर्मा ने कहा कि रविवार को सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें जिला हमीरपुर में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा के लिए जिला हमीरपुर में 1350 बच्चों को बुलाया गया था। इनमें से 1194 विद्यार्थियों ने यह प्रवेश परीक्षा दी, जबकि 156 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।