सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानुपर के वार्ड नंबर-8 में नाले का चैनलाइजेशन करने के लिए नगर परिषद ने खाका तैयार कर लिया है। नाले के पास जिन लोगों ने अपनी भूमि से आगे बढ़कर किसी भी तरह का निर्माण कार्य किया होगा, नगर परिषद की ओर से उस पर पीला पंजा चलाया जाएगा। नाले का चैनलाइजेशन होने से लोगों को सुविधा मिलेगी। चैनलाइजेशन न होने से इस बरसात में 100 से ज्यादा रिहायशी मकानों में नाले का पानी प्रवेश कर गया था।
इससे लोगों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ था। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और लोगों से बात करके उन्हें शीघ्र राहत दिलाने का भरोसा दिया था। नगर परिषद की ओर से जल्द ही इसके लिए कार्य शुरू किया जाएगा। इस संबंध में नगर परिषद सुजानपुर के कार्यकारी अधिकारी किशोरी लाल ठाकुर ने कहा कि वार्ड नंबर-8 में नाले का चैनलाइजेशन करने के लिए कवायद शुरू कर दी है। इसमें सबसे पहले राजस्व विभाग के साथ भूमि पैमाइश का कार्य किया जाएगा और जिन लोगों ने नाले में या इसके आसपास सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया है, उसपर पीला पंजा चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से सहयोग का आग्रह किया है।
---