हमीरपुर। पहली जनवरी 2019 की अर्हता तिथि के आधार पर जिले में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनर्निरीक्षण कार्य को लेकर बुधवार को मंडलायुक्त मंडी विकास लाबरू की अध्यक्षता में हमीरपुर में विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। लाबरू ने बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को प्रत्येक बूथ पर अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने को कहा ताकि, फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनर्निरीक्षण कार्य को निर्धारित समय के भीतर पूर्ण किया जा सके।
उन्होंने नायब तहसीलदार निर्वाचन को भी निर्देश दिए कि वह जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी कालेजों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों व अन्य शैक्षणिक संस्थानों में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता शिविरों का आयोजन कर अधिक से अधिक युवाओं का नए मतदाता के रूप में पंजीकरण सुनिश्चित करें। जिले में सभी मतदान बूथों पर फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनर्निरीक्षण का कार्य तेजी से किया जाए। प्रथम जनवरी 2019 को या इससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को नए मतदाता के रूप में पंजीकृत करने के लिए विशेष प्रयास किए जाए।