बंबर ठाकुर और एएसपी शिव चौधरी के बीच हुई थी धक्कामुक्की।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उपायुक्त कार्यालय परिसर के बाहर बुधवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से ड्यूटी के दौरान धक्कामुक्की और गाली गलौज करने के मामले में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर विभिन्न धाराओं में सदर थाना में केस दर्ज हो गया है। इसमें वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान हंगामा करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने को लेकर भी धाराएं लगाई गई हैं।
बुधवार को बिलासपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का परिधि गृह बिलासपुर में कार्यक्रम था। उनके बिलासपुर आगमन से ठीक पहले कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने भी उन पर मार्च में हुए हमले के आरोपी को अब तक न पकड़ने को लेकर धरना दिया। पुलिस और प्रशासन ने उन्हें पहले उनकी पत्नी के सरकारी आवास चंगर के पास रोकने की कोशिश की, लेकिन वो अपने समर्थकों के साथ उपायुक्त कार्यालय के गेट के पास पहुंच गए। उस दौरान वहां से नड्डा का काफिला भी गुजरना था। प्रशासनिक अधिकारी एसडीएम सदर, डीएसपी मुख्यालय उनसे आग्रह कर रहे थे कि वो मुख्य गेट से उपायुक्त कार्यालय जाएं, लेकिन बंबर दूसरे मार्ग से जाने पर अड़ गए।
इस दौरान कार्यकारी एसपी का कार्यभार संभाल रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीच में आए तो बंबर ठाकुर की उनसे धक्का- मुक्की हो गई, जिससे मामला गरमा गया। लेकिन फिर एसडीएम के बीच में आने के बाद मामला शांत हुआ। इस सबके बीच जेड श्रेणी की सुरक्षा को देखते हुए जेपी नड्डा को भी कोर्ट रोड से न लाकर बस अड्डा रोड से परिधि गृह पहुंचाया गया।