हिमाचल प्रदेश में सरकार ने दिव्यांगजन श्रेणी के रिक्त पद भरने के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। दिव्यांगजनों की अब साल में दो बार भर्तियां होंगी। विभाग खुद भर्तियों के लिए विज्ञापन जारी करेंगे और चयन प्रक्रिया भी समयबद्ध होगी। कार्मिक विभाग ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों और प्रबंध निदेशकों को इस बाबत निर्देश जारी कर दिए हैं।
कार्मिक विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार 13 दिसंबर, 2023 को जारी की गई पुरानी व्यवस्था अब निरस्त कर दी गई है। पुरानी व्यवस्था के तहत दिव्यांगजनों के पद त्रैमासिक आधार पर केंद्रीकृत विज्ञापन के माध्यम से भरे जाते थे। अब नई व्यवस्था के तहत सभी विभाग, बोर्ड, निगम और सार्वजनिक उपक्रम स्वयं अपने स्तर पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करेंगे। इस श्रेणी के ग्रुप सी और ग्रुप डी पदों, जिनमें बैकलॉग पद भी शामिल होंगे, को साल में दो बार विज्ञापित किया जाएगा। वर्ष की पहली छमाही के लिए 15 अप्रैल और दूसरी छमाही के लिए 15 सितंबर तक इस प्रक्रिया को पूरा करना होगा। विज्ञापन अंग्रेजी और हिंदी दोनों प्रमुख अखबारों में प्रकाशित किए जाएंगे।