राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी (फाइल फोटो)।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने दिल्ली में हुए बम धमाके की टाइमिंग पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना चुनाव से पहले ही क्यों होती है? इस पर प्रश्नचिह्न है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी विडंबना है कि जब भी देश में कोई मुसीबत आती है, उस समय प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर चले जाते हैं। देश में कहीं पर भी धमाका होने के बाद अलर्ट जारी होता है। उन्होंने कहा कि पुलवामा और पहलगाम की घटनाओं के दौरान भी चुनाव नजदीक थे। अब बिहार में मतदान से पहले धमाका हुआ है।
उन्होंने जयराम ठाकुर को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। मंडी में आपदा प्रभावितों को राहत राशि वितरित की गई। भाजपा नेता इसे झूठ बता रहे हैं। जयराम ठाकुर सहित भाजपा विधायकों को इस कार्यक्रम में बुलाया गया लेकिन वे नहीं आए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा के दौरान 1500 करोड़ की आर्थिक सहायता देने की बात कही थी लेकिन हिमाचल को यह पैसा नहीं मिला है।