मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मंडी में होने वाले स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में सरकारी कर्मचारियों को डीए की किस्त जारी करने की घोषणा कर सकते हैं। 8 फीसदी महंगाई भत्ते की किस्त जनवरी 2013 से लंबित है।
वित्त विभाग से यह फाइल प्रोसेस हो गई है। वीरवार को मुख्यमंत्री इसका ऐलान कर सकते हैं। इसका लाभ राज्य के करीब पौने दो लाख सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा।
इस अवसर पर राज्य की जेलों में बंद छह कैदियों की रिहाई और 530 अन्य कैदियों की सजा कम करने की घोषणा भी सीएम करेंगे। इस बारे में पुलिस और गृह विभाग के स्तर पर फैसला हो गया है।
नाहन जेल से वरिंदर सिंह, बारूराम और आदमराम, धर्मशाला जेल से हिमालू राम और बिलासपुर जेल से सुमन कुमार और मोहन लाल रिहा होंगे। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यपाल उर्मिला सिंह, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश वासियों को बधाई दी है।
एपी सिंह-डीडब्ल्यूडी नेगी को राष्ट्रपति पदक
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के ओएसडी रहे डीआईजी इंटेलिजेंस एपी सिंह, एसपी सीआईडी डी. डब्ल्यू नेगी और एएसआई सीएम सिक्योरिटी रमेश चंद को राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए चुना गया है। गृह विभाग के उप सचिव विजय कुमार शर्मा ने बताया कि इनके नाम की घोषणा राष्ट्रपति भवन से हुई है।