वीरवार सुबह 11:00 बजे के करीब पुलिस की टीम पावर कॉरपोरेशन के कार्यालय में पहुंची। यहां पर सबसे पहले इलेक्टि्रक में विंग के 20 कर्मचारियों को बारी-बारी से पूछताछ के लिए तलब किया गया। इसमें उनके पीए समेत विंग के अन्य कर्मचारी और अधिकारी भी शामिल हैं। देर शाम 6:00 बजे तक पुलिस की पूछताछ जारी रही। सूत्रों के मुताबिक विंग के कर्मचारियों से विमल नेगी के पिछले दिनों के व्यवहार, कामकाज और स्वास्थ्य से लेकर उच्च अधिकारियों के काम को लेकर बनाए जा रहे दबाव को लेकर विस्तार में जानकारी ली गई है।
परिजनों ने जताया था सीसीटीवी फुटेज डिलीट करने का अंदेशा
विमल नेगी के परिजनों ने प्रदर्शन के दौरान अंदेशा जताया था कि कार्यालय की सीसीटीवी फुटेज को डिलीट किया जा सकता है। इसको देखते हुए पुलिस की टीम ने वीरवार को ही परिसर के पंद्रह दिनों की रिकार्डिंग का डाटा कब्जे में ले लिया गया है। हालांकि कार्यालय के कोरिडोर में ही सीसीटीवी कैमरे होने की बात सामने आई है।