चंबा। जिला के सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों को इंस्पायर मानक योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा द्वारा समस्त सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों को आदेश जारी कर दिए हैं। आदेशों के मुताबिक 15 अक्तूबर तक ऑनलाइन नॉमिनेशन प्रक्रिया जारी रहेगी। यह योजना स्कूली छात्र-छात्राओं में विज्ञान के प्रति दिलचस्पी बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार प्रायोजित है। तय तिथि के तहत योजना के लिए नॉमिनेशन न भरने वाले स्कूल प्रमुख लापरवाही के लिए स्वयं जिम्मेवार होंगे। विभाग की ओर से इस तरह के निर्देश जारी करने मुख्य उद्देश्य समय रहते स्कूलों के नॉमिनेशन करवाना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना के तहत छठी से दसवीं कक्षा तक प्रति स्कूल पांच विद्यार्थियों का नॉमिनेशन करवाया जा सकता है। जबकि जमा एक व जमा दो के विद्यार्थियों के लिए यह योजना नहीं है। विभाग ने जिला के 153 हाई स्कूल, 84 सीनियर सेकेंडरी स्कूल, 240 मिडल स्कूल के प्रमुखों सहित गैर सरकारी स्कूलों को निर्देशित कर दिया है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक प्यार सिंह चाढ़क ने बताया कि विभाग की ओर से समस्त स्कूलों को इंस्पायर मानक कार्यक्रम के तहत नॉमिनेशन के लिए निर्देशित किया है। 15 अक्तूबर तक योजना के तहत नॉमिनेशन स्कूल कर पाएंगे।
चार साल पहले बढ़ाई गई थी प्रोत्साहन राशि
चार साल पहले इंस्पायर मानक अवार्ड कार्यक्रम की प्रोत्साहन राशि को बढ़ा दिया गया है। छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि के तौर पर दस हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। पहले पांच हजार रुपये मिलते थे। सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि बढ़ाने का मकसद वैज्ञानिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की रुचि को बढ़ाना है।