चुवाड़ी (चंबा)। नगर पंचायत चुवाड़ी के सात वार्डों में दो दिन से साफ-सफाई नहीं हो रही है। नपं चुवाड़ी के 13 सफाई कर्मियों को समयानुसार मेहनताना न मिलने से इस प्रकार की समस्या हुई है। आलम यह है कि चुवाड़ी नपं के विभिन्न वार्डों से दो दिन से कूड़ा नहीं उठाया गया है। इसके चलते जगह-जगह पर कूड़े के ढेर लग गए हैं। समय रहते कूड़ा न उठने से नपं चुवाड़ी में महामारी फैलने की आशंका पैदा हो गई है। सफाई कर्मियों ने साफ किया है कि जब तक उन्हें समयानुसार मेहनताना नहीं मिल जाता, वे कूड़ा नहीं उठाएंगे।
गौरतलब है कि नगर पंचायत चुवाड़ी के सात वार्डों में साफ-सफाई का जिम्मा निजी ठेकेदार को सौंपा गया है। ठेकेदार ने 13 कर्मियों को साफ-सफाई के लिए रखा है। बावजूद इसके लंबे समय से सफाई कर्मियों को समय पर मेहनताना नहीं मिल रहा है। इसके चलते उन्हें परिवारों का पालन-पोषण करने में परेशानी हो रही है।
सफाई कर्मियों अर्जुन, विकास, राज कुमार, रिकी, अमित, मोहित, संगीता, कंचन, ममता, सोनिया आदि कहना है कि ठेकेदार उन्हें समय पर मेहनताना नहीं देता है। इस कारण परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। सफाई कर्मचारियों ने कहा कि मेहनताना समय पर न मिलने के कारण हड़ताल आगे भी जारी रहेगी।
नगर पंचायत चुवाड़ी की प्रधान कुसुम धीमान ने कहा कि सरकारी कर्मियों को वेतन मिल रहा है। वे चुवाड़ी में साफ-सफाई कर रहे हैं। कहा कि ठेकेदार के कर्मचारी साफ-सफाई नहीं कर रहे हैं, जिसके लिए वीरवार को ठेकेदार को बुलाया गया है। दावा किया जल्द समस्या हल कर दी जाएगी।