चंबा के बन्नू में चट्टान गिरने से ध्वस्त हुआ मकान
- फोटो : Chamba
चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगती बरौर पंचायत के बन्नू गांव में घर पर चट्टानें गिरने से एक महिला की मौत हो गई। मृतक की पहचान जयवंती (77) पत्नी रूलदू राम निवासी गांव बन्नू डाकघर बरौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय महिला अपने घर में सो रही थी। सोमवार तड़के बारिश के चलते घर के पास भूस्खलन हो गया और बड़ी-बड़ी चट्टानें घर पर गिर गईं।
चट्टानें इतनी बड़ी थीं कि दीवारों को तोड़कर वे कमरे में पहुंच गईं। कमरे में सो रही महिला की चट्टानों के नीचे दबने से मौत हो गई। इससे पहले कि उसे उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जाता, गहरे जख्मों की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, अन्य परिवार चट्टानों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। वहीं, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने चंबा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।