मणिमहेश यात्रा में यात्रियों का पंजीकरण जारी रहेगा। लेकिन शुल्क की वसूली नहीं होगी। पंजीकरण का ठेका हासिल करने वाली एजेंसी को प्रशासन की तरफ से यात्रा संपन्न होने पर पांच प्रतिशत की दर से ही भुगतान किया जाएगा।
एजेंसी मणिमहेश यात्रा के दौरान सभी यात्रियों का पंजीकरण करेगी और उन यात्रियों के पंजीकरण के हिसाब से प्रशासन एजेंसी को भुगतान करेगा। यह निर्णय सोमवार को एसडीएम भरमौर डॉ. जितेंद्र कंवर के साथ हुई शिव भूमि सेवा दल की बैठक के बाद लिया गया है।
गौरतलब है कि प्रशासन ने शिव भूमि सेवा दल को यात्रियों के पंजीकरण का ठेका दिया था। जिसके बाद 13 अगस्त से गुई नाला में यात्रियों का पंजीकरण हो रहा था और एजेंसी यात्रियों से बीस रुपये प्रति यात्री शुल्क वसूल रही थी। एजेंसी को प्रशासन की तरफ से कुल यात्रियों की संख्या और उनसे वसूल की गई बीस रुपये की राशि का पांच प्रतिशत मिलना था। लेकिन विवादित होने के बाद प्रशासन ने यात्रा पंजीकरण शुल्क की शर्त शनिवार को वापस ले ली थी। जिसके बाद एजेंसी ने पंजीकरण को आगे जारी रखने पर एसडीएम भरमौर से बातचीत की और इस बातचीत में प्रशासन के मिले आश्वासन के बाद एजेंसी पंजीकरण को जारी रखने के लिए तैयार हो गई है। अब मणिमहेश यात्रियों का पंजीकरण तो होगा लेकिन उन्हें बीस रुपये की अदायगी नहीं करनी पड़ेेगी।
आश्वासन मिला है जारी रखेंगे पंजीकरण : अनिल कुमार
शिव भूमि सेवा दल खड़ामुख के सदस्य अनिल कुमार ने बताया कि उन्हें उपमंडल अधिकारी के माध्यम से आश्वासन मिला है कि वे पंजीकरण जारी रखेंगे। लेकिन किसी भी श्रद्धालु से पंजीकरण का शुल्क नहीं लेंगे। रहा सवाल उनके कमीशन का तो उपमंडल अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि कुल यात्रियों के पंजीकरण पर पांच प्रतिशत की राशि का भुगतान उन्हें प्रशासन करेगा।
प्रशासन करेगा पांच प्रतिशत भुगतान : एसडीएम
वहीं, एसडीएम डॉ. जितेंद्र कंवर का कहना है कि यात्रियों का पंजीकरण जारी रहेगा। लेकिन उनसे किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। पंजीकरण करने वाली एजेंसी को प्रशासन कुल यात्रियों का पांच प्रतिशत भुगतान करेगी। उन्होंने कहा कि मणिमहेश यात्रा संपन्न होने तक पंजीकरण जारी रहेगा।