चंबा। जिले के सात सरकारी स्कूलों का शीघ्र कायाकल्प होगा। स्वर्ण जयंती ग्रामोदय क्लस्टर श्रेष्ठ विद्यालय योजना के तहत इन स्कूलों में विकासात्मक कार्य होंगे। एक तरफ जहां स्कूल भवनों का कायाकल्प होगा वहीं दूसरी तरफ अन्य सुविधाएं भी विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जाएंगी।
शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों के लिए बजट जारी कर दिया है। जानकारी के अनुसार विधानसभा क्षेत्र चंबा से राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुठेड़ और राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला भड़ियांकोठी, भटियात विस क्षेत्र से राजकीय प्राथमिक पाठशाला गरनोटा और राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला परछोड़, डलहौजी विधानसभा क्षेत्र से राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला सलूणी, चुराह विधानसभा क्षेत्र से राजकीय प्राथमिक पाठशाला भंजराड़ू और भरमौर विधानसभा क्षेत्र से राजकीय प्राथमिक पाठशाला बतोट को योजना के तहत शामिल किया गया है।
प्रत्येक स्कूल पर 15 लाख की राशि खर्च की जाएगी। इस राशि को खर्च करने के लिए विभाग की ओर से मापदंड तय किए गए हैं। आठ लाख की राशि स्कूल कैंपस, परिसर के लिए जरूरी सामान, जिम, प्लांट गार्डन और ऑनलाइन पढ़ाई के लिए उपकरणों पर खर्च की जाएगी। चार लाख की राशि से स्मार्ट कक्षाएं, फर्नीचर, लर्निंग मैटेरियल, व्हाइट और ग्रीन बोर्ड, 75 हजार की राशि से खेलकूद का सामान, 1.25 लाख की राशि से सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सामान और एक लाख की राशि से कोरोना महामारी से बचाव और रोकथाम के लिए थर्मल स्कैनर, ऑक्सीमीटर, स्कूल सैनिटइजेशन उपकरण की खरीद की जाएगी। कार्यकारी प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुधीर सहगल का कहना है कि सात स्कूलों को योजना के तहत राशि दे दी गई है। कहा कि इससे विद्यार्थियों को स्कूलों में बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी।