चंबा। जिले में चल रहे विद्युत प्रोजेक्टों की वजह से रावी नदी का पानी प्रदूषित न हो जाए, इसकी जांच के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अलर्ट हो चुका है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमें प्रोजेक्टों के पास रावी और नालों के पानी के सैंपल ले रही हैं। मंगलवार को को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने होली में होली बजोली प्रोजेक्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रावी नदी के पानी में प्रोजेक्ट की वजह से कोई प्रदूषण तो नहीं फैल रहा, इसको लेकर पूरी तरह से जांच-पड़ताल की गई।
रावी नदी के पानी की शुद्धता जांचने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने नदी के पानी का सैंपल लिया। इसके साथ ही अन्य प्रोजेक्टों का भी टीम ने औचक निरीक्षण किया और नदी-नालों के पानी के सैंपल लिए। प्रोजेक्टों का औचक निरीक्षण करने के उपरांत टीम खज्जियार झील में पहुंची। यहां उन्होंने झील के पानी में मिलने वाली गाद सहित अन्य अवशेषों को लेकर भी छानबीन की। साथ ही झील के पानी की शुद्धता जांचने के लिए पानी का सैंपल भी लिया। नदी-नाले और झील के पानी से लिए गए एक दर्जन सैंपलों को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जांच के लिए धर्मशाला प्रयोगशाला में भेजेगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आगामी कार्रवाई करेगा।
उधर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि होली में प्रोजेक्ट की वजह से रावी नदी का पानी दूषित न हो, इसको लेकर रावी नदी से पानी के सैंपल लिए गए हैं। इसके अलावा खज्जियार झील के पानी का भी सैंपल लिया गया है। इन सैंपलों को जांच के लिए धर्मशाला भेजा जाएगा। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।