चंबा। जिले के कई इलाकों में भीषण गर्मी में पेयजल संकट गहरा गया है। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल के लिए लोग भटकने के लिए मजबूर हैं। हालात यह हैं कि प्रचंड गर्मी के बीच लोग गाड़ियों और टैंकरों के जरिये पेयजल मंगवाकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं।
जिला मुख्यालय चंबा के मुगला, करियां और हरदासपुरा सहित शहर के साथ लगती मंगला पंचायत के ढोली, उखड़, ढढियारा, वासा, टिकरू, हाडा मोहल्लों और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंगला में पेयजल की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों मनोज कुमार, राम कुमार, राकेश कुमार, विजय कुमार और अनिल कुमार ने कहा कि पानी की कमी से उन्हें प्राकृतिक जलस्रोतों से पानी ढोना पड़ रहा है। कियाणी पंचायत के कई गांवों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके चलते लोग वाहनों के जरिये पानी मंगवा रहे हैं। तीसा उपमंडल के भंजराडू मुख्य बाजार सहित ढोभ, डिकरूंड, सुलामा और भटियात विस क्षेत्र के रायपुर, चुवाड़ी, सलोह, सारना, जतरूंड, कुड्डी, होबार और बनेट में भी लोगों को पेयजल के लिए जूझना पड़ रहा है।
सिहुंता उपमंडल के तहत सिहुंता, मोरठू, कामला और जोलना गांवों में पानी की कमी है। पर्यटन स्थल खज्जियार के तहत पुखरी, भलोली, चंडैल, पड़ाला और बगबेही में बीते कई दिन से पानी की किल्लत चली हुई है।
बढ़ती गर्मी के कारण जिले में करीब दो दर्जन पेयजल योजनाओं का जलस्तर नीचे चला गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में हैंडपंप और आवश्यकतानुसार टैंकर की व्यवस्था कर लोगों को राहत दी जा रही है।
रंजीत चौधरी, अधीक्षण अभियंता, जलशक्ति विभाग