चुराह की तीसा-1 पंचायत में घरों के नल से निकलता मटमैला पानी।
- फोटो : Chamba
तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत तीसा-1 के ग्रामीणों को कई दिन से मटमैले पानी की सप्लाई की जा रही है। इससे ग्रामीणों को बीमारी फैलने का डर सता रहा है। हालात यह हैं कि लोगों को पेयजल के लिए मीलों पैदल सफर कर प्राकृतिक जलस्रोतों का रुख करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जलशक्ति विभाग को कई बार अवगत करवाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने विभाग से क्षेत्र में फिल्टर टैंक (बेड) बनवाकर लोगों को स्वच्छ जल मुहैया करवाने की मांग की है। गांव में नलों से होने वाले मटमैले पानी की सप्लाई से बर्तनों में भी मिट्टी एकत्रित हो रही है। कहा कि गांव को गनेड़ से आगे सवा नामक स्थान से अस्थायी पेयजल स्रोत से पानी की सप्लाई दी गई है। चार वर्ष बाद भी विभाग फिल्टर बेड का निर्माण नहीं करवा पाया है। इतना ही नहीं, गनेड़-बिहाली मार्ग पर भी कई जगह पेयजल पाइप लीक हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों को दूषित पानी की सप्लाई हो रही है।
दिलीप कुमार, जयदेव, प्रमोद कुमार, लोकेश कुमार, ओमप्रकाश, तेज सिंह ने जलशक्ति विभाग से प्राथमिकता के आधार पर समस्या को हल करवाने की मांग की है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता केवल शर्मा ने कहा कि उन्हें इसके बारे में जानकारी मिली है। कहा कि जल्द समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।