चंबा। सेईकोठी पुल का निर्माण होने से बौंदेड़ी-कुड़थला संपर्क सड़क और गुवाड़ी-डड़वाली संपर्क सड़क बनने से छह ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. हंसराज ने सेईकोठी पुल से बौंदेड़ी-कुड़थला और गुवाड़ी-डडवाली संपर्क सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को दोनों संपर्क सड़कों के निर्माण कार्य को दो माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
कहा कि दोनों सड़कों के निर्माण के लिए विधायक निधि से दस लाख रुपये की राशि को स्वीकृति प्रदान की गई है। कहा कि लोगों को आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित बनाने पर अधिकारी विशेष रूप से ध्यान दें। लोगों की हर समस्या का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। कहा कि चुराह विधानसभा क्षेत्र में विकासात्मक कार्य को तीव्र गति प्रदान की जा रही है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे स्वेच्छा से सड़क निर्माण को लेकर भूमि दान दें। कहा कि ग्राम पंचायत हरतवास में कैहला-बसुआ संपर्क सड़क का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
निर्माण कार्य को संपूर्ण करने के लिए दो माह की समयसीमा निर्धारित की गई है। इस दौरान प्रधान ग्राम पंचायत सेईकोठी सोनाली रशपा ने विधानसभा उपाध्यक्ष को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। विस उपाध्यक्ष ने इस मौके पर जनसमस्याएं सुनीं और उनका मौके पर समाधान भी किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य जयंती दुग्गल, जिला महामंत्री वीरेंद्र ठाकुर, मंडल अध्यक्ष ताराचंद, मुख्य सलाहकार कैप्टन एमआर ठाकुर, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष गोविंद , खंड विकास अधिकारी अश्विनी कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग जोगिंदर सिंह शर्मा, सहायक अभियंता विद्युत दीवान चंद गुप्ता, प्रधान ग्राम पंचायत गुवाड़ी जन्म सिंह आदि मौजूद रहे।