Vehicles will be able to park in Chaugan number three for a limited time
चंबा। शहर के बीचोंबीच स्थित चौगान नंबर तीन में जल्द ही गाड़ियां पार्क होती दिखेंगी। शहर में विकराल रूप धारण कर चुकी पार्किंग की समस्या के समाधान को लेकर नगर परिषद चंबा इस पर विचार-विमर्श कर रही है।
यह तय माना जा रहा है कि नगर परिषद फरवरी के पहले सप्ताह में चौगान को खोल सकती है। मगर इस बार पूरी तैयारी के साथ नगर परिषद नई व्यवस्था करने जा रही है। यह पार्किंग निशुल्क रहेगी। मगर पहले की तरह घंटों गाड़ियां पार्क नहीं कर पाएंगे। सूत्र खुलासा करते हैं कि कुछ लोग सुबह से शाम तक गाड़ियां पार्क कर देते थे।
निशुल्क व्यवस्था होने के कारण इसका अन्य लोगों को कोई लाभ नहीं मिल पाता था। मगर नगर परिषद अब नई व्यवस्था के तहत सीमित अवधि तक ही चौगान नंबर तीन में एक गाड़ी को पार्क होने देगी ताकि अन्य खरीदारी करने आने वाले लोगों को भी सुविधा मिल सके।
गौरतलब है कि चौगान नंबर तीन में काफी समय तक पार्किंग की व्यवस्था रही है। मगर कुछ समय पहले नगर परिषद चौगान के मरम्मत कार्य के चलते इसे बंद कर दिया। चौगान नंबर तीन में पार्किंग की व्यवस्था बंद होने के कारण शहर में पार्किंग की समव्या ज्वलंत हो उठी। मसलन एक तरफ जहां व्यापारियों की परेशानियां बढ़ गई वहीं दूसरी तरफ खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों को चालान कटवाने पड़े। अब नगर परिषद जल्द ही पार्किंग सुविधा को खोलने की तैयारी में है।
नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि पार्किंग चौगान नंबर तीन में दोबारा शुरू की जाएगी। इसके लिए बैठक होगी। इसमें नई व्यवस्था बनाई जाएगी ताकि सभी लोगों को इसका लाभ मिल सकें। सीमित अवधि के लिए लोग अपनी गाड़ियां पार्क कर सकेंगे। जल्द ही इस बारे में स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी।