चंबा। शहर के आसपास के क्षेत्रों में सब्जी विक्रेताओं की मनमानी अब नहीं चलेगी। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से चौगान नंबर दो सहित अन्य सब्जी विक्रेताओं का एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया गया है। इस ग्रुप को वेजीटेबल सेलर ग्रुप नाम दिया गया है, जहां सब्जी के हर दिन के रेट डाले जाएंगे। इसके मुताबिक सब्जी उपभोक्ताओं को सामान दिया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसी व्यवस्था करने के बाद भी अगर कोई सब्जी विक्रेता मनमाने दाम वसूलता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग चंबा के नियंत्रक अरविंद शर्मा ने चौगान नंबर दो में कर्फ्यू ढील के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान खाद्य निरीक्षक सौरभ वशिष्ट भी मौजूद रहे। इस दौरान कुछेक दुकानों में अव्यवस्था का आलम पाया गया। कुछेक दुकानदारों ने जहां सही जगह रेट लिस्ट नहीं लगाई थी तो कुछेक दुकानदारों को आज के रेट की जानकारी तक नहीं थी। इस पर सब्जी विक्रेताओं को रोजाना लिस्ट वैध रूप से अपडेट करने को कहा गया। साथ ही प्रशासन की ओर से तय रेट के अनुरूप ही सामान बेचने के निर्देश दिए। इसके अलावा विभागीय टीम ने व्हाट्सऐप ग्रुप के लिए सब्जी विक्रेताओं के मोबाइल नंबर कलेक्ट किए और एक वेजीटेबल सेलर नाम का ग्रुप बनाया गया। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक चंबा अरविंद शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को चौगान नंबर दो में स्थानांतरित सब्जी मंडी में व्यवस्थाओं को जांचा। साथ ही दुकानदारों को दिशा निर्देश जारी किए। इसके अलावा व्हॉट्सऐप ग्रुप से संबंधित जानकारी दी और रोजाना तय रेटों के आधार पर ही सब्जी बेचने के निर्देश दिए।