चंबा। न्यू बस स्टैंड चंबा में राज्य मादक द्रव्य नियंत्रण सेल की टीम ने दो लोगों को शनिवार को चिट्टे के साथ पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से 10.63 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। आरोपियों की पहचान मोहन पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी हाउस नंबर 56 अमृतसर और शुभम पुत्र श्याम कुमार हाउस नंबर 56 अमृतसर के रूप में हुई। आरोपियों के खिलाफ सदर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मादक द्रव्य नियंत्रण सेल की टीम काफी समय से आरोपियों की धरपकड़ का प्रयास कर रही थी। टीम को सूचना मिली कि दोनों युवक चिट्टे की खेप लेकर पठानकोट से चंबा आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद टीम सतर्क हो गई। चंबा आ रहे आरोपियों पर नजर रखने के लिए टीम का एक सदस्य बीच राह बस में सवार हो गया और उनकी हरकतों पर नजर रखने लगा। इसकी तमाम जानकारी एएसआई करतार सिंह को दी गई।
जैसे ही आरोपी अपने बैग लेकर बस से नीचे उतरने लगे तो एएसआई की टीम ने तुरंत उन्हें दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10.63 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। एसपी अरुल कुमार ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।