Two spokespersons who have been teaching two hundred students for two years
सलूणी (चंबा)। राजकीय महाविद्यालय सलूणी में 200 विद्यार्थियों की पढ़ाई मात्र दो प्रवक्ताओं के सहारे है। पिछले दो साल से महाविद्यालय में प्रवक्ताओं के पद खाली पड़े हैं। इन्हें भरने में सरकार और विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। इसकी वजह से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावक भी अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। अभिभावक और विद्यार्थी प्रवक्ताओं के रिक्त पद भरने को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी कर चुके हैं लेकिन, सरकार की ओर से अभी तक इस दिशा में कोई उचित कदम नहीं उठाए गए हैं। इसको लेकर अभिभावकों और विद्यार्थियों में रोष है। महाविद्यालय में दो साल से प्राचार्य, अंग्रेजी, राजनीतिक विज्ञान, इतिहास, जियोग्राफी और कॉमर्स के प्रवक्ताओं के पद खाली हैं।
अभिभावकों चैन सिंह, प्रमोद कुमार, हंसराज, प्यार सिंह, रवि कुमार, जितेंद्र और मनोज कुमार ने बताया कि सलूणी कॉलेज में दो सौ विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं लेकिन, विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए प्रवक्ताओं की कमी है। मात्र दो प्रवक्ताओं के सहारे महाविद्यालय को चलाया जा रहा है। हिंदी और आर्थिक शास्त्र के प्रवक्ता 200 विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। उन्होंने सरकार और शिक्षा विभाग से मांग की है कि सलूणी कॉलेज में प्रवक्ताओं के पद जल्द भरे जाएं अन्यथा अभिभावकों को सड़कों पर धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
कार्यकारी प्राचार्य पिंकी देवी ने बताया कि कॉलेज में प्रवक्ताओं के रिक्त पदों के बारे में शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारी को अवगत करवाया जा चुका है। शिक्षा विभाग के निदेशक अमरजीत ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला अभी लाया गया है। जल्द कॉलेज में प्रवक्ताओं के पद भरने की व्यवस्था की जाएगी।