चंबा। जिले में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को जिले में दो लोगों की मौतों सहित 33 लोग संक्रमित पाए गए। चंबा में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा अब 136 पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग के प्रोटोकॉल के तहत शवों को सैनिटाइज करने के बाद जिपरैप कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने परिजनों को पीपीई किट भी प्रदान की।
सीएमओ डॉ. कपिल शर्मा ने कहा कि जिले में आठ जून को चूड़ी ब्लॉक के गांव रैना निवासी 85 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया। संक्रमित को डीसीएच में दाखिल करवाया गया। शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे मरीज ने दम तोड़ दिया। यह बुजुर्ग कोरोना सहित अन्य बीमारियों से भी पीड़ित था। वहीं, जिले में शनिवार को 65 वर्षीय महिला ने भी दम तोड़ा है। साहो क्षेत्र की छतरूण निवासी महिला रैट में शुक्रवार को संक्रमित पाई गई। महिला बीते एक सप्ताह से खांसी और बुखार से पीड़ित थी। महिला ने शनिवार सुबह सवा आठ बजे दम तोड़ा।
बताया कि शनिवार को रैट में जांच के लिए 912 सैंपलों को भेजा गया। इनमें से 892 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव, जबकि 20 की पॉजिटिव रही। शुक्रवार को आरटीपीसीआर लैब में जांच के लिए भेजे गए 532 सैंपलों में से 511 की रिपोर्ट निगेटिव, आठ सैंपल रिजेक्ट और 13 सैंपल पॉजिटिव पाए गए। संक्रमित सांमरा, बरौर, समलेउ, सेईकोठी, गुरयाली, झज्जाकोठी, गैहरा, रजेरा, चमेश्वनी, साहो, डलहौजी कैंट, मेल, जियुंता, बनीखेत, सलूणी, थल्ली, तरेला, देहरोग, विरलोटा, भरमौर, सराहन और जड़ेरा से ताल्लुक रखते हैं।
बताया कि शनिवार को 33 लोग संक्रमित पाए गए, जबकि, 85 लोग स्वस्थ हुए हैं। जिले में अब तक 10686 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 9924 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, वर्तमान में 620 लोग कोविड केयर सेंटरों और होम आइसोलेशन में उपचाराधीन हैं।