चंबा। चंबा में शनिवार को दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जबकि, दस संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है। शुक्रवार को जिले में एक भी कोरोना का नया मामला नहीं आया था, जबकि शनिवार को मात्र दो नए मामले सामने आए।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने जिले भर से जांच के लिए 770 लोगों के सैंपल एकत्रित किए थे। इनमें मात्र दो सैंपलों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है जबकि, अन्य सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव रही। जिले में अब कोरोना के 33 मरीज हैं। इनमें पांच मरीज कोविड केयर सेंटर में उपचाराधीन हैं। जबकि, अन्य मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं। आगामी दिनों में चंबा कोरोना मुक्त हो सकता है। इसके लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग बार-बार लोगों को कोविड नियमों की पालना करने के लिए जागरूक कर रहा है।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने जिले भर से 686 लोगों के सैंपल एकत्रित किए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कपिल शर्मा ने बताया कि चंबा में शनिवार को कोरोना के दो सक्रिय मामले सामने आए हैं। धीरे-धीरे जिला चंबा कोरोना मुक्त होने की ओर बढ़ रहा है।