चंबा डिपो में पहुंची एसी डीलक्स बसें। संवाद
- फोटो : Chamba
चंबा। हिमाचल पथ परिवहन निगम के चंबा डिपो में 47-47 सीटर दो एसी डीलक्स बसें पहुंच गई हैं। इससे पहले दो ऑर्डिनरी बसें यहां पहुंची हैं, जिन्हें एचआरटीसी प्रबंधन ने रूटों पर चलाना शुरू कर दिया है। चंबा डिपो के बेडे़ में बसों के पहुंचने का क्रम प्रारंभ होने से एचआरटीसी प्रबंधन और यात्रियों ने राहत की सांस ली है।
प्रबंधन के बेडे़ में अब डेढ़ सौ बसें हो गई हैं। इन बसों की विशेषता यह है कि इनमें अन्य बसों (पुरानी एसी डीलक्स बसों, वोल्वो या ऑर्डिनरी डीलक्स) की तरह दो-दो सवारियों के बैठने के बजाय एक तरफ दो सवारियां और दूसरी तरफ तीन सवारियों के बैठने की सहूलियत दी गई है। इसके अलावा बस में एसी की भी व्यवस्था है। इससे पूर्व चंबा एचआरटीसी के बेडे़ में दो ऑर्डिनरी बसें शामिल हुई हैं जिन्हें एचआरटीसी प्रबंधन ने रविवार को चंबा से हरिद्वार के लिए दोपहर 2:30 बजे रवाना किया। स्पेशल बस के रूप में दूसरी बस को चंबा से शिमला के लिए भेजा गया है।
कार्यकारी क्षेत्रीय प्रबंधक साहिल कपूर ने बताया कि रविवार को दो एसी डीलक्स बसें चंबा डिपो में पहुंच गई हैं। बसों के रूट परमिट के लिए आवेदन किया जाएगा। रूट परमिट मिलने पर इन्हें रूटों पर चलाया जाएगा।