चंबा के खज्जियार में बर्फ के बीच चहल कदमी करते पर्यटक।संवाद
खज्जियार (चंबा)। मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से विख्यात पर्यटन स्थल खज्जियार में बर्फबारी के बाद पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। रविवार को बड़ी संख्या में पर्यटक खज्जियार पहुंचे और बर्फ से ढके मैदान में अठखेलियां करते नजर आए। बर्फबारी के बाद भी खज्जियार में पर्यटकों की आवाजाही लगातार बनी हुई है।
पर्यटक खज्जियार मैदान में बर्फ में खेलते, फोटो खिंचवाते और संगीत पर थिरकते दिखाई दिए। पर्यटकों ने बर्फ के बीच मस्ती कर मौसम का भरपूर आनंद उठाया। पर्यटकों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद हुई बर्फबारी ने उनकी यात्रा को यादगार बना दिया है।
पर्यटक रमेश कुमार, अमित कुमार, देविंद्र कुमार और राकेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष दिसंबर में बर्फबारी नहीं होने के कारण उन्हें काफी इंतजार करना पड़ा। जनवरी के तीसरे सप्ताह में मौसम ने करवट ली, जिसके बाद बर्फबारी हुई और खज्जियार की खूबसूरती और बढ़ गई। इसके चलते बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।
बर्फबारी के बाद स्थानीय पर्यटन कारोबार में भी रफ्तार आई है। होटल, ढाबे और घुड़सवारी जैसे व्यवसायों में अच्छी चहल-पहल देखी जा रही है। हालांकि बर्फबारी के कारण जोत मार्ग अभी तक बहाल नहीं हो पाया है, जिससे बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटक वाया चंबा होकर खज्जियार पहुंच रहे हैं।