चंबा। जिले को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से मैदान में उतर चुका है। विभाग की टीमें रोजाना पंचायत स्तर पर दुकानों और सार्वजनिक स्थानों में जाकर सख्त कार्रवाई कर रही हैं। इसमें सिंगल बीड़ी और सिगरेट बेचने वाले दुकानदारों के चालान काटे जा रहे हैं।
सोमवार को स्वास्थ्य, पुलिस और आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने बस स्टैंड में दबिश देकर एक दुकानदार को सिंगल सिगरेट बेचते हुए पकड़ा, जिसे 200 रुपये जुर्माना लगाया गया और चेतावनी दी गई। दोबारा पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की बात भी कही गई।
इसी दौरान एक व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करते हुए पकड़ा गया, जिसे भी 200 रुपये जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही पंचायतों में जाकर लोगों को जागरूक किया गया कि तंबाकू के सेवन से कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य खंड भरमौर की टीम ने सदर पंचायत और स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया और बच्चों व ग्रामीणों को तंबाकू से दूर रहने की शपथ दिलाई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज ने बताया कि जिले में तंबाकू मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। सभी स्वास्थ्य खंडों की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में जाकर नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं और स्कूलों में बच्चों को इस लत से बचाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।