भरमौर (चंबा)। लोगों ने प्रशासन से कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने वाले श्रद्धालुओं को पवित्र मणिमहेश यात्रा पर जाने की अनुमति देने की मांग की है। मंगलवार को भरमौर के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. संजय कुमार धीमान से मिलकर उन्हें मांगपत्र सौंपा।
व्यापार मंडल के प्रधान देशराज शर्मा, वूल फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष करतार सिंह ठाकुर और जैसी राम ने कहा कि कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवानेे वाले श्रद्धालुओं को यात्रा करने की अनुमति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि वैसे भी तो चोरी छुपे अपने रिस्क पर रोजाना 20-30 लोग यात्रा पर जा रहे हैं। कहा कि प्रदेश के शक्तिपीठों में हजारों श्रद्धालु रोजाना मां के दर्शन कर रहे हैं। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में आय का मुख्य स्रोत मणिमहेश यात्रा ही है।
ऐसे में यदि सरकार कोविड वैक्सीन लगवाने वालों को यात्रा पर जाने की अनुमति प्रदान करती है तो यात्रा से जुड़े लोगों को रोजगार भी मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल ने भरमौर प्रशासन से मांग की है कि पुराना बस स्टैंड के पास बने शौचालय को नियमित रूप से खोला जाए। इसके अलावा चौरासी के मुख्य बाजार के मार्ग पर मीट शॉप के दुकानदारों के लिए अलग से मीट मार्केट बनाई जाए। कहा कि मीट शॉप के बाहर एकत्रित होने वाले कुत्तों से लोगों और बच्चों को काफी खतरा रहता है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया है कि बाजार में सामान ले जाने वाले घोड़े-खच्चर मालिकों को भी खच्चरों के साथ थैला बांधने की व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे बाजार में गंदगी न फैले। वहीं, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. संजय कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि उनकी मांगों पर गौर किया जाएगा।