चंबा। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने 15 से 18 वर्ष के आयु वर्ग के तीस हजार किशोरों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य पूरा कर लिया है। अब स्वास्थ्य विभाग की टीमें झुग्गी झोंपड़ी में रहने वाले और वैक्सीन से छूटे किशोरों को वैक्सीन लगा रही है। 3200 किशोरों को अब तक स्वास्थ्य विभाग जिले में को-वैक्सीन की पहली डोज लगा चुका है। हालांकि बर्फबारी की वजह से अभियान में रुकावट आ रही है। इससे पूर्व पिछले दिनों मौसम साफ रहने पर विभागीय टीमों ने ग्लेशियर और बर्फ में पैदल चलकर किशोरों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई।
कोरोना की तीसरी लहरे में बच्चों के ज्यादा संक्रमित होने की संभावना है। इसको देखते हुए 15 से 18 वर्ष के किशोरों को यह वैक्सीन लगाई जा रही है। पहली डोज के 28 दिन पूरे होने के बाद दूसरी डोज लगाई जाएगी। अभी तक जिले में वैक्सीन का किसी भी किशोर में दुष्प्रभाव देखने को नहीं मिला है। अभियान की समन्वयक डॉक्टर शैलजा सूर्या ने बताया कि जिले में तीस हजार से अधिक किशोरों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। अब छूटे किशोरों को वैक्सीन लगाई जा रही है।