चंबा। जिले के चार विधानसभा क्षेेत्रों की 42 पंचायतों में 196 करोड़ की लागत से पानी की समस्या का समाधान होगा। इसके लिए सरकार ने जिले के लिए 16 पेयजल योजनाओं को स्वीकृति दी है।
जल शक्ति विभाग ने इन योजनाओं को क्रियान्वित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दूरदराज की जिन पंचायतों में पानी की किल्लत रहती थी, उनमें नदी और खड्डों से उठाऊ पेयजल योजना के तहत पानी पहुंचाया जाएगा। कई पंचायतों में नई पेयजल लाइनें डाली जाएंगी। इसके अलावा जरूरत के अनुसार पंचायतों में पेयजल भंडारण टैंक भी बनाए जाएंगे। जल शक्ति विभाग ने वर्ष 2022 में 16 योजनाओं को पूरा करवाने का लक्ष्य रखा है। 16 पेयजल योजनाओं के बनने से 42 पंचायतों में लाखों की आबादी लाभान्वित होगी।
16 पेयजल योजनाओं के निर्माण से चंबा विस क्षेत्र में सर्वाधिक 17 ग्राम पंचायतें लाभान्वित होंगी। चंबा विस क्षेत्र में नौ पेयजल योजनाओं का निर्माण होगा। इसमें रावी नदी और साल खड्ड से पंचायतों में पानी मुहैया करवाया जाएगा। चुराह में दो पेयजल योजनाओं का निर्माण करके 11 पंचायतों में पानी की समस्या का समाधान किया जाएगा। इसी तरह डलहौजी विस क्षेत्र में तीन पेयजल योजनाओं से आठ पंचायतों में पेयजल किल्लत को दूर किया जाएगा। इसके अलावा भटियात विस क्षेत्र में दो पेयजल योजनाओं का निर्माण होगा। इससे छह पंचायतें लाभान्वित होंगी।
जल शक्ति विभाग ने जिला में पानी की समस्या का दूर करने के लिए 16 पेयजल योजनाओं का प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा था। सरकार ने विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। योजनाओं को पूरा करने के लिए सरकार ने 196 करोड़ का बजट भी स्वीकृत किया है। विभाग की ओर से योजनाओं के निर्माण को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है। आने वाले समय में चंबा की दूरदराज की पंचायतों में पानी की किल्लत हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।
पेयजल समस्या होगी हल
जिला चंबा में 16 पेयजल योजनाओं के निर्माण को स्वीकृति मिली है। इन योजनाओं के निर्माण पर 196 करोड़ की धनराशि खर्च होगी। इससे पंचायतों में चल रही पानी की समस्या का समाधान किया जाएगा।
रंजीत चौधरी, अधीक्षण अभियंता, जल शक्ति विभाग चंबा।