चंबा। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के कारण हो रहे भूस्खलन की चपेट में आने से एक भाई और बहन की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना जिला मुख्यालय के अंतर्गत आने वाली बसोधन पंचायत में घटी, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार भाई और बहन अपने घर के पास हो रहे भूस्खलन को देखने के लिए बाहर निकले थे। तभी अचानक पहाड़ी से भारी मलबा नीचे गिरा और दोनों उसमें दब गए। घटना के तुरंत बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत से मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गांव में इस हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं कि प्राकृतिक आपदा इतनी तेजी से जानलेवा रूप ले सकती है। चंबा जिले में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही भारी बारिश के चलते भूस्खलन, सड़कें टूटने और जल स्रोतों के बहने जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। नदी-नाले उफान पर हैं और कई क्षेत्रों में बिजली व पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।